चुकंदर सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। यह हमारे शरीर में खून की कमी दूर करता है। लेकिन जब भी इसे खाने की बारी है तो लोग नाक सिकोड़ लेते हैं। वजह है इसका स्वाद, जो कि काफी अजीब लगता है। हालांकि चुकंदर में आयरन भी भरपूर मात्रा में होता है। इसे ज्यादातर लोग सलाद के रूप में ही खाते हैं। अगर आप चुकंदर को सलाद के रूप में नहीं खा पाते। तो इसको स्वादिष्ट रूप में जरूर खाएंगे।

सामग्री : दो बड़े चम्मच देसी घी, नारियल का बूरा, चुकंदर, चीनी स्वादानुसार, दूध, ड्राई फ्रूट्स, इलायची पाउडर।

विधि : सबसे पहले चुकंदर को अच्छी तरह से धो लें। जिससे कि ये साफ हो जाए। साथ में चुकंदर को कद्दूकस कर लें। इसे किसी कटोरी में रखकर किनारे रख दें। अब कड़ाही को गैस पर गर्म करें। इसमे देसी घी डालें। जब घी गर्म हो जाए तो नारियल का बूरा डालकर चलाएं। साथ में कद्दूकस किया हुआ चुकंदर भी डाल दें। धीमी आंच पर चलाते हुए इसे भूनें। साथ में इलायची पाउडर भी डाल दें। जब ये थोड़ा भुन जाए तो इसमे चीनी डाल दें।चीनी डालकर चलाएं। साथ में दूध डाल दें और हलवे को पकने दें। बीच-बीच में हलवा चलाते रहें। जिससे कि ये पक जाए। जब ये सूख जाए तो गैस बंद कर दें। बस तैयार है नारियल और चुकंदर का हलवा। इस पर बचा हुआ नारियल का बूरा डालकर सर्व करें। आप चाहे तो इस हलवे में मनचाहे ड्राई फ्रूट्स डाल सकती हैं। काजू, बादाम और अखरोट के साथ ही किशमिश भी इसमे अच्छा लगेगा।