भोपाल । राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को बुरहानपुर मध्यप्रदेश में प्रवेश करने वाली है। तैयारी जोरदार है। प्रदेश के कांग्रेस नेता खासे उत्साहित हैं। पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा में शामिल होने भोपाल से जा रहे कार्यकर्ताओं के लिए खास कंटेनर्स तैयार कराए गए हैं। ये कंटेनर्स लेकर भोपाल मध्य विधायक आरिफ मसूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बुरहानपुर पहुंच रहे हैं। वहां से वो भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवम्बर को बुरहानपुर पहुंचने वाली है। राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के आराम के लिए तैयार खास कंटेनर्स में कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। जो यात्रा के साथ कन्याकुमारी से कश्मीर तक चल रहे हैं। इसी तरह भोपाल से पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं के लिए स्लीपर यात्री बसों को कंटेनर में तब्दील किया गया है। इन बसों में पदयात्रियों के भोजन और आराम के लिए खास इंतजाम हैं। चलित टॉयलेट की भी व्यवस्था की गई है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के लिए भोपाल में तैयार हुए खास कंटेनर्स को यात्रा की ही थी पर सजाया गया है। इन पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खडग़े, सोनिया गांधी ,राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, जेपी अग्रवाल और सुरेश पचौरी की तस्वीरें भी चस्पा की गई हैं। यह यात्रा से भोपाल से बुराहनपुर तक करीब 350 किमी का सफर तय करेगी। उसके बाद बुरहानपुर से यात्री मुख्य यात्रा में शामिल हो जांएगे। इस दौरान रास्ते में पडऩे वाले जिलों में भारत जोड़ो यात्रा का प्रचार प्रसार कांग्रेस के कार्यकर्ता करेंगे।