उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। मैनपुरी लोकसभा सीट से बीजेपी ने रघुराज शाक्य को अपना प्रत्याशी बनाया है। रामपुर विधानसभा सीट से भाजपा ने आकाश सक्सेना को टिकट दिया, जबकि खतौली विधानसभा सीट से राजकुमारी सैनी प्रत्याशी होंगी।मैनपुरी सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) की प्रत्याशी डिंपल यादव को टक्कर देने वाले भाजपा के रघुराज शाक्य की गिनती प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव के करीबी के रूप में होती है। इसी साल फरवरी में रघुराज शाक्य ने प्रसपा छोड़ दी और भाजपा का दामन थाम लिया था। रघुराज दो बार सांसद रह चुके हैं।वहीं राजस्थान के शरदार शहर विधानसभा से अशोक कुमार पिंचा, बिहार के कुरहानी से केदार प्रसाद गुप्ता, छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर (सुरक्षित) से ब्रह्मानंद नेताम को उम्मीदवार बनाया है।रामपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा ने आकाश सक्सेना को अपना प्रत्याशी बनाया है. आकाश सक्सेना ने ही पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान के खिलाफ लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी थी, जिसका उनको इनाम मिला है। आजम खान को तीन साल की सजा मिलने के बाद रामपुर की सीट खाली हुई है।