कर्नाटक पुलिस भर्ती घोटाले में भाजपा नेता और चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने शुक्रवार को कहा कि अपराध जांच दल ने सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा घोटाले के सिलसिले में मुख्य आरोपी भाजपा नेता दिव्या हागरागी और चार अन्य को गिरफ्तार किया है। मामले में फरार दिव्या को गुरुवार रात पुणे से गिरफ्तार किया गया। कर्नाटक के गृह मंत्री ने कहा कि दिव्या की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट है कि सरकार मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगी। जहां तक ​​पीएसआई घोटाले का संबंध है, किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कर्नाटक सरकार ने पीएसआई भर्ती को रद कर दिया है। पीएसआई भर्ती के लिए नए सिरे से परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।