बैतूल। भाजपा कार्यकर्ता पूरन साहू एवं ज्योतिषाचार्य सुनील साहू द्वारा मंगलवार को उनके पिता स्व.बाबूलाल साहू ठेंगेवार की स्मृति में वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए मेहमानों को तुलसी के पौधे भेंट किए गए। पौधे भेंट करने के साथ ही उनके संरक्षण का भी संकल्प दिलाया गया। सुनील साहू ने बताया कि वर्तमान में बढ़ते हुए पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए समाज में इस प्रकार के जागरूकता के कार्यक्रम लोगों में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने उनके पिताजी के वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम में मेहमानों को तुलसी के पौधे भेंट किए। उन्होंने कहा कि हमारी वैदिक परंपरा में हर शुभ कार्य प्रकृति से जुड़ा हुआ है, लेकिन आज के परिवेश में प्रकृति को छोड़कर चमक-दमक की संस्कृति में लिप्त हो रहे हैं। जिसका परिणाम वर्तमान में फैली हुई महामारी से लगाया जा सकता है। आज हम सभी लोग ऑक्सीजन की महत्वता को भी समझ रहे हैं और हजारों लाखों की कीमत चुकाकर ऑक्सीजन की व्यवस्था कर रहे हैं। इन सभी बातों से प्रेरणा लेकर हम सब के द्वारा एक-एक पौधा लगाकर उसको वृक्ष बनाने का संकल्प लिया जा सकता है। तुलसी के पौधे भरपूर ऑक्सीजन देते हैं, धार्मिक दृष्टि से भी तुलसी का विशेष महत्व है,  इसलिए उन्होंने तुलसी के पौधे भेंट किए।