बैतूल। अंतरराष्ट्रीय भिक्षु संघ का आगमन आज नवनिर्मित प्रज्ञा बुद्ध विहार, भारत भारती, जामठी में हुआ, जहां बौद्ध अनुयायियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वागत किया। धम्म पदयात्रा करते हुए 30 बौद्ध भिक्षु विहार पहुंचे, जहां उनका स्वल्पाहार से सत्कार किया गया। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।  
भिक्षु संघ इसके बाद ग्राम सावंगा पहुंचा, जहां अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक संगायन का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में भारत सहित म्यांमार, थाईलैंड, कंबोडिया, ब्राजील, अमेरिका, वियतनाम और लाओस के बौद्ध भिक्षुओं ने भाग लिया। 
भोजन दान के पश्चात एक से दो बजे तक धम्म देशना आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके बाद भिक्षु संघ दीक्षाभूमि, नागपुर के लिए रवाना हो गया। प्रज्ञा बुद्ध विहार समिति के संचालक आरडी पाटिल ने बताया कि इस आयोजन में ग्राम पंचायत और प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बैतूल जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध भिक्षुओं का आगमन हुआ।